राजस्व कार्यों को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रशिक्षण
दाखिल-खारिज,म्यूटेशन व भूमि अभिलेख से जुड़ी प्रक्रियाओं पर दी गई जानकारी
लखीसराय(सरफराज आलम) समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में राजस्व से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव तथा संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाना तथा आम जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना था। प्रशिक्षण के दौरान दाखिल-खारिज, दखल कब्जा, म्यूटेशन, चौहद्दी, डीड नंबर, शांतिपूर्ण दखलकर्ता का कब्जा, भूमि अभिलेखों में सुधार, खाता, खेसरा, रकबा, जमाबंदी संख्या समेत विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का सीधा संबंध आम लोगों से होता है, इसलिए इन कार्यों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने दाखिल-खारिज और म्यूटेशन मामलों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा भूमि अभिलेखों के संधारण में त्रुटि नहीं रहने का निर्देश दिया।प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग के विशेषज्ञों ने डिजिटल अभिलेखों के संधारण, भूमि रिकॉर्ड के अद्यतन और राजस्व कार्यों की ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
