पैक्स अध्यक्ष व प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित
सहकारिता योजनाओं, लेखा प्रबंधन व कंप्यूटरीकरण की दी गई जानकारी
लखीसराय(सरफराज आलम)पैक्स अध्यक्षों, पैक्स प्रबंधकों और व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए गुरुवार को संग्रहालय सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुमन कुमारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पैक्स अध्यक्षों और प्रबंधकों को सहकारिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रबंधन, लेखा संधारण तथा किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी देना था।
प्रशिक्षण सत्र में सहकारिता विभाग के अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने पैक्स के व्यवसायिक विकास, प्रशासनिक व वित्तीय दायित्वों, व्यवसायिक विविधीकरण और उद्यमशीलता के विकास पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पैक्सों में लेखा संधारण और अंकेक्षण की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला में पैक्स कंप्यूटरीकरण (PACS Computerization) से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके माध्यम से पैक्सों के कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कार्य प्रणाली को आधुनिक बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही पैक्सों को डिपॉजिट मोबिलाइजेशन एजेंट के रूप में कार्य करने के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच मजबूत हो सके।
प्रशिक्षण में अंकेक्षण प्रक्रिया, सहकारिता नियम, गोदाम निर्माण, फसल सहायता योजना, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब भी दिए और उन्हें अपने-अपने पैक्सों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
