- रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज
न्यौली: भारतीय जनता पार्टी नगरिया मण्डल की वर्ग संचालन समिति की आवश्यक बैठक सेंट वी0 एन0 पब्लिक स्कूल मिर्जापुर मानपुर नगरिया पर मण्डल अध्यक्ष मनोज चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 14 -15 मार्च को आयोजित होने वाले पण्डित दीनदयाल उपाध्याय मण्डल प्रशिक्षण वर्ग 2026 की कार्ययोजना तय की गई एवं कार्यकर्ताओं को वर्ग को सफल बनाने हेतु जिम्मेवारी सौंपी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलामंत्री कृष्णकांत वशिष्ठ ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र दल है जो पार्टी में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को विधिवत प्रशिक्षण देने का काम करता है। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय इस प्रशिक्षण में सात सत्रों के माध्यम से विषय विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीतियों से अवगत कराते हुए उनको प्रशिक्षित करने का कार्य करेंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे मण्डल अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि यह वर्ग आवासीय रहेगा जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को वर्ग स्थल पर ही रात्रि विश्राम की व्यवस्था होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से वर्ग को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रह्मानंद सोलंकी,मण्डल महामंत्री देवेन्द्र पचौरी, मण्डल उपाध्यक्ष अभय प्रताप सोलंकी, मण्डल मंत्री रवि दिवाकर, ओम सिंह सागर, कोषाध्यक्ष रवि चोपड़ा, शक्तिकेंद्र संयोजक किशोर चौहान, संजय बघेल,वीरेश लोनिया, रामू सोलंकी, विपिन चौहान, आदि कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।
