यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी  दीपक मीणा के निर्देशन में प्रशिक्षण शिविर आयोजित

यूपीएससी आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें: अपर जिलाधिकारी  रणविजय सिंह बैठक के दौरान निर्देशित किया गया कि हवा, पानी एवं प्रकाश व्यवस्था का रखें विशेष ध्यान परीक्षा केंद्रों पर नहीं होगी कोई भी क्लॉक रूम की सुविधा

गाजियाबाद। आगामी यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025, जो कि 25 मई 2025 को आयोजित की जाएगी, को लेकर जनपद गाजियाबाद में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस क्रम में जिलाधिकारी श्री दीपक मीणा के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री रणविजय सिंह की अध्यक्षता में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, जीजीआईसी विजयनगर में एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि जनपद में परीक्षा हेतु 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की निगरानी हेतु 3 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 51 एलआईओ तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी सहित अन्य सुरक्षा अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी—

प्रथम पाली: सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक

द्वितीय पाली: अपराह्न 02:30 से 04:30 बजे तक

अपर जिलाधिकारी श्री रणविजय सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन के दौरान यूपीएससी आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः और अक्षरशः पालन किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पंखे, स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षार्थियों को क्रमबद्ध रूप से बैठाया जाएगा।

यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचें—

प्रथम पाली के लिए सुबह 09:00 बजे तक

द्वितीय पाली के लिए दोपहर 02:00 बजे तक
इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

साथ ही, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच इत्यादि परीक्षा केंद्र में लाना सख्त वर्जित है। एडमिट कार्ड के साथ एक मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, अतः परीक्षार्थी कोई भी निजी सामान साथ न लाएं।

प्रशिक्षण शिविर में एडीएम एफ/आर श्री सौरभ भट्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री धर्मेंद्र, एसीपी श्री सूर्यबली मौर्य सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया और संबंधित दिशा-निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.