प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत- विजय कुमार सिन्हा

भाजपा प्रशिक्षण महा अभियान में कार्यकर्ताओं को मिला संगठन मजबूती का मंत्र

लखीसराय(सरफराज आलम)भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत नया बाजार मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार एवं पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं और भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां प्रशिक्षण संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने की एक संगठित और दीर्घकालिक पहल है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण का सक्रिय सहभागी है और प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता व संगठनात्मक दक्षता आती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सात विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इनमें सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, भाजपा का इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, संगठन की कार्यपद्धति, कार्य विस्तार की रणनीति, बूथ प्रबंधन तथा सरकार की उपलब्धियां शामिल रहीं। इन विषयों पर अजय कुशवाहा, मनोरंजन कुमार, मणिकांत सिंह, संजय सिंह, वाल्मीकि शाह, देवानंद साहू एवं संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन हिमांशु पटेल ने किया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री सनोज साहू, अभिषेक सिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, रूपेश कुमार बंटी, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता आती है और संगठन की नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.