बिलासपुर में व्यापारियों का जोरदार प्रदर्शन, चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

रामपुर। बिलासपुर तहसील में बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपा।

व्यापारी नेता मोहम्मद अनस खां के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से वक्फ संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाने, नगर में बढ़ते आवारा एवं बीमार कुत्तों पर नियंत्रण, केमरी रोड पर अवैध मांस बिक्री पर रोक लगाने तथा रामपुर रोड पर प्रस्तावित नई शराब की दुकान खोलने पर आपत्ति जताई गई।

व्यापारियों का कहना है कि वक्फ की दो संपत्तियों पर अवैध कब्जे से स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है। वहीं, आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक आमजन के लिए खतरा बनता जा रहा है। इसके अलावा अवैध मांस बिक्री से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई गई।

प्रदर्शन के दौरान उप जिलाधिकारी अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। उन्होंने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान का भरोसा दिलाया है, जिससे व्यापारियों और आम जनता में राहत की उम्मीद जगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.