बदायूं में फूड विभाग की विसंगतियों के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, 18 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू, प्रदेश मंत्री अवधेश वर्मा एवं जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी के संयुक्त नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने फूड विभाग की विसंगतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने गगनभेदी नारों के साथ प्रदर्शन करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, नई दिल्ली के नाम संबोधित 18 सूत्रीय मांगपत्र सहायक आयुक्त ग्रेड-2 सी.एल. यादव को जिला मुख्यालय स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि कार्यालय में सौंपा।

जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने मांग करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत रजिस्ट्रेशन की सीमा 12 लाख वार्षिक टर्नओवर से बढ़ाकर 40 लाख तक की जाए। साथ ही फूड एक्ट का लाइसेंस न होने पर सजा का प्रावधान समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी ऑनलाइन फूड सप्लाई और डिलीवरी करने वाले व्यक्तियों और कंपनियों का भी नियमानुसार रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस अनिवार्य किया जाए।

प्रदेश मंत्री पवन जैन ने कहा कि प्रत्येक जिले में एक ही रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी नियुक्त की जाए और किसी कमी के लिए केवल निर्माता को जिम्मेदार ठहराया जाए, होलसेलर और रिटेलर को दंडित न किया जाए। प्रदेश मंत्री अवधेश वर्मा ने कहा कि सैंपलिंग के दौरान फार्म-5 क पूरी तरह भरकर व्यापारी को मौके पर उपलब्ध कराया जाए और लिए गए सैंपल का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए।

जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने फर्जी शिकायतों के आधार पर हो रही सैंपलिंग पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिकायतों की सत्यता जांचने के बाद ही सैंपलिंग की जाए। जिला कोषाध्यक्ष अमित वैश्य ने खेती में कीटनाशकों और रासायनिक खादों के बढ़ते प्रयोग पर चिंता जताते हुए खाद्य पदार्थों के मानक तय करने की मांग की।

नगर चेयरमैन दिनेश गुप्ता ने कहा कि जांच में बिना ठोस प्रमाण के नमूनों को असुरक्षित घोषित किया जा रहा है, जिसे रोका जाए। वहीं जिला उपाध्यक्ष जावेद खान और नगर उपाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अलग अपील अभिकरण की स्थापना की मांग उठाई।

व्यापारियों ने सरकार से समाधान योजना लागू कर पुराने जुर्माने माफ करने और खाद्य सुरक्षा अधिनियम की प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग की। इस दौरान जिला महामंत्री संजीव आहूजा, सर्वेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, संजय रस्तोगी, दीपक सक्सेना, संजय शर्मा, नितिन गुप्ता, कुलदीप वैश्य और मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.