लखीसराय में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन

  • रिपोर्ट: सरफराज़ आलम

लखीसराय: लखीसराय जिला के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब पासपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। विदेश मंत्रालय की पहल के अंतर्गत लखीसराय समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 21 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक संचालित होगा।

इस विशेष शिविर का उद्घाटन दिनांक 21 जुलाई 2026 को लखीसराय के जिला पदाधिकारी, श्री शैलेन्द्र कुमार एवं क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना, स्वधा रिजवी द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। यह आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को पासपोर्ट सेवा सहज एवं सुलभ रूप में उपलब्ध हो सके।

लखीसराय जिले में पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2025 में 1 से 3 जुलाई के बीच आयोजित शिविर अत्यंत सफल रहा था। उसी सफलता के आधार पर पुनः यह अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें।

अप्रैल 2024 से अब तक बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित यह 19वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर है। पूर्व में आयोजित शिविरों के माध्यम से राज्य में लगभग 2500 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।

इस तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदकों के कार्य निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन 55 आवेदकों को ही अपॉइंटमेंट प्रदान किया जाएगा। इच्छुक आवेदकों को पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा तथा लोकेशन के विकल्प में “पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, लखीसराय” का चयन करना होगा।

जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर आवेदन कर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.