ISRO केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर घंटों चली तलाशी; जांच में नहीं मिला विस्फोटक

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के बेंगलुरु स्थित न्यू बीईएल रोड परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और पुलिस व बम निरोधक दस्ते ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर हिस्से की कई घंटों तक गहन जांच की, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में धमकी भरे ईमेल को फर्जी (हॉक्स) माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती गई। जांच पूरी होने तक परिसर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई थी।

पुलिस ने बताया कि हाल के दिनों में कर्नाटक हाईकोर्ट और बेंगलुरु के कई स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। इन घटनाओं के बीच सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं और सभी मामलों की जांच की जा रही है।

इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को गाजियाबाद से निशांत त्यागी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर विभिन्न संस्थानों को फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार ले रहा था। उसके परिजनों ने भी पुलिस को इसकी जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस उसके मकसद की जांच कर रही है। अब तक उसके पास से कोई विस्फोटक या बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद नहीं हुई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.