कोई भगदड़ नहीं हुई, अत्यधिक भीड़भाड़ थी जिसके कारण कुछ श्रद्धालु घायल हो गए- एसएसपी राजेश द्विवेदी

प्रयागराज: प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या से पहले आधी रात को संगम तट पर एक भगदड़ की घटना हुई, जिसमें करीब 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संगम पर आने की बजाय जहां हैं, वहीं के गंगा घाटों पर स्नान करें और शांति बनाए रखें।

इसी बीच, कुंभ मेला के एसएसपी राजेश द्विवेदी ने घटना पर बयान देते हुए कहा कि कोई भगदड़ नहीं हुई थी, बल्कि अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण कुछ श्रद्धालु घायल हो गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जो घाट उनके लिए खुले हैं, वहां आराम से स्नान करें। एसएसपी ने यह भी बताया कि कई घाटों को विकसित किया गया है, जहां श्रद्धालु सुगमता से स्नान कर रहे हैं और अमृत स्नान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।

एसएसपी ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा, “अभी आप देख सकते हैं कि स्थिति पूरी नियंत्रण में है।” घायलों और मृतकों के बारे में उन्होंने कहा, “अभी ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। जिला पुलिस से बेहतर जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल हम व्यवस्था देख रहे हैं और माहौल पूर्णत: सुगम है।”

मृतकों की संख्या पर भी एसएसपी ने कहा, “मेरे पास मृतकों की संख्या के विषय में कोई ठोस जानकारी नहीं है।”

कुंभ मेला प्रशासन स्थिति पर पूरी निगरानी बनाए हुए है और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

 

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.