युवा सत्ता पार्टी ने अमर बलिदानियों को किया नमन

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर। अमर क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की पुण्यतिथि के अवसर पर युवा सत्ता पार्टी द्वारा नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों अमर बलिदानियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके त्याग और समर्पण को नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का जीवन साहस, देशभक्ति और अदम्य संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने हंसते-हंसते मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया। उनका संघर्ष केवल स्वतंत्रता की लड़ाई तक सीमित नहीं था, बल्कि वह अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध वैचारिक क्रांति का भी प्रतीक था। उनके विचार आज भी युवाओं को सत्य, न्याय और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

प्रवक्ता एडवोकेट क्रांति शेखर सारंग ने कहा कि इन महान बलिदानियों का जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की एकता, अखंडता तथा सम्मान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यदि युवा वर्ग इन बलिदानियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले इन महान सपूतों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार, चंचल सिंह, दिनेश दिवाकर, संदीप सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, आकाशदीप, शेर सिंह, चंद्रपाल, सुरेश कुमार, अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.