मुंबई। लव फिल्म्स के बैनर तले बनी थ्रिलर-मिस्ट्री फिल्म ‘वध 2’ का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म अपने पहले पार्ट से कहीं ज्यादा खतरनाक, रोमांचक और सस्पेंस से भरपूर होने वाली है। संजय मिश्रा और नीना गुप्ता एक बार फिर मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का लेखन और निर्देशन जसपाल सिंह संधू ने किया है।
करीब 2 मिनट 21 सेकंड लंबे ट्रेलर में शुरुआत से ही डर और रहस्य का माहौल बना दिया गया है। शांत चेहरों के पीछे छिपे गहरे राज, दबा हुआ दर्द, गुस्सा और बदले की भावना हर फ्रेम में दिखाई देती है। ट्रेलर देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि असली अपराधी कौन है। इस बार कहानी एक मिसिंग केस की गुत्थी के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का वादा करती है।
स्टारकास्ट की दमदार मौजूदगी
पहले पार्ट की तरह इस बार भी संजय मिश्रा अपने शांत लेकिन इंटेंस अंदाज में प्रभावशाली दिखते हैं, वहीं नीना गुप्ता की आंखों में डर, मजबूरी और आक्रोश साफ झलकता है। इनके अलावा फिल्म में कुमुद मिश्रा, शिल्पा शुक्ला, अमित के सिंह, अक्षय डोगरा और योगिता बिहानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कहानी और सोच
फिल्म के लेखक-निर्देशक जसपाल सिंह संधू के अनुसार, ‘वध 2’ सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं बल्कि आक्रोश, दर्द और इंसानी भावनाओं की गहरी कहानी है, जिसे दर्शक सस्पेंस के साथ वास्तविक रूप में महसूस करेंगे।
निर्माताओं की राय
प्रोड्यूसर लव रंजन का कहना है कि ‘वध 2’ पूरी तरह नई कहानी के साथ आगे बढ़ती है। संजय मिश्रा, नीना गुप्ता और कुमुद मिश्रा जैसे कलाकारों की मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस यह साबित करती है कि अच्छी कहानियां उम्र और परंपराओं की मोहताज नहीं होतीं। वहीं निर्माता अंकुर गर्ग ने बताया कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में फिल्म को दर्शकों से बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
कम डायलॉग, ज्यादा असर
‘वध 2’ की सबसे बड़ी ताकत इसके कम डायलॉग और ज्यादा साइलेंस में छिपी है। खामोशी के जरिए डर और तनाव को और गहरा किया गया है।
रिलीज़ डेट
लव फिल्म्स के बैनर तले बनी यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। थ्रिलर फिल्मों के शौकीन दर्शकों के लिए ‘वध 2’ एक दमदार सिनेमाई अनुभव साबित हो सकती है।
khabre junction
