गणतंत्र दिवस–2026 परेड रिहर्सल का एसपी व एएसपी ने किया निरीक्षण

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर में आगामी गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में रामपुर पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, रामपुर स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान परेड में सम्मिलित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्रिल, अनुशासन, टर्नआउट और आपसी समन्वय का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने रिहर्सल की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रिहर्सल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें कृषि विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग सहित जनपद की विशिष्ट पहचान रामपुरी चाकू पर आधारित झांकियां प्रमुख रहीं। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

इन झांकियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय उद्योगों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकास यात्रा को दर्शाती एक मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध विरासत और प्रगति की झलक दिखाई।

पुलिस प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.