हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने 4 मुकदमों में फरार नशा तस्कर को किया गिरफ्तार

सिरसा, 16 नवम्बर (एम.पी. भार्गव)।हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की सिरसा यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना शहर सिरसा में दर्ज नशा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अर्पण को गिरफ्तार कर लिया।
यूनिट सिरसा के इंचार्ज निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम डबवाली रोड पर नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि फरार नशा तस्कर अर्पण उस क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को गांव पनजुवाना, डबवाली रोड से काबू कर लिया।
आरोपी अर्पण, निवासी रानिया रोड, सिरसा, मुकदमा संख्या 542/2025 (थाना शहर सिरसा) में दर्ज हेरोइन तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मामले में पहले ही 2 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच के दौरान पता चला कि अर्पण के खिलाफ नशा तस्करी के कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए थाना शहर सिरसा को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क के अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ड्रग्स की बुराई को खत्म करने के लिए समाज का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नशा तस्करी या बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत
NCB नेशनल हेल्पलाइन 1933,
ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN
या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508
पर साझा करें।
सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.