NH-22 से NH-31 तक सड़क चौड़ीकरण को मिली सहमति, सांसद रविशंकर प्रसाद ने नितिन गडकरी का किया अभिनंदन

प्रेस विज्ञप्ति : 31/01/2026; नई दिल्ली।पटना साहिब से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी का NH-22 (पुराना नाम NH-83) पुनपुन के निकट से NH-31 (पुराना नाम NH-30) दीदारगंज तक भाया SH-01 गौरीचक–पुनपुन सुरक्षा बांध सह पथ के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण की मांग पर सहमति प्रदान करने के लिए अभिनंदन किया है। माननीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में पत्रांक वी.आई.पी. संदर्भ सं.-BR015434, दिनांक 27 जनवरी 2026 के माध्यम से जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि इस सड़क के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण को लेकर सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से कई बार मुलाकात कर आग्रह किया था। मंत्री श्री गडकरी ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परियोजना को लेकर सहमति प्रदान की। इसके साथ ही ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान सांसद श्री प्रसाद ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार से भी इस सड़क के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण का आग्रह किया था।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने सांसद के आग्रह को संज्ञान में लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति के अंतर्गत यातायात घनत्व, माल ढुलाई, यात्री आवागमन, क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक पहलुओं, पर्यटन, पीएम गतिशक्ति के सामंजस्य तथा राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को ध्यान में रखते हुए NH-22 पुनपुन के निकट से NH-31 दीदारगंज तक भाया SH-01 गौरीचक–पुनपुन सुरक्षा बांध सह पथ के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण को स्वीकृति दी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।

इस सड़क के चौड़ीकरण से फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया से बख्तियारपुर–दीदारगंज होते हुए गया की ओर आने-जाने वाले लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। इसके अलावा दीदारगंज के पास 26 किलोमीटर लंबे गंगा पथ से जुड़ाव होने से पटना शहर के लाखों लोगों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस परियोजना से कंडाप, लंका कछुआरा, गोपालपुर, गौरीचक, फतेहपुर, संपतचक, माधवपुर, पुनपुन सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा, जहां वर्तमान में भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। NH-22 पुनपुन के निकट से NH-31 दीदारगंज तक यह मार्ग पटना के लिए रिंग रोड की तरह कार्य करेगा। साथ ही पुनपुन और दीदारगंज के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने से पटना शहर से बाहर से ही NH-22 और NH-31 के माध्यम से राजेंद्र सेतु होकर उत्तर बिहार, भागलपुर और पश्चिम बंगाल की ओर आवागमन सुगम हो जाएगा।

अंत में सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने अपने पटना साहिब क्षेत्रवासियों की ओर से भी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.