बदायूँ।देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, जनपद बदायूँ के परेड ग्राउंड में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें पुलिस बल के अनुशासन, शौर्य और समर्पण की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तर प्रदेश रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मजिस्ट्रेट बदायूँ अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली गई तथा मान प्रणाम स्वीकार किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया।
परेड का संचालन प्रथम परेड कमाण्डर क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। उनके सहयोग में द्वितीय परेड कमाण्डर उपनिरीक्षक आदर्श तिवारी एवं तृतीय परेड कमाण्डर महिला उपनिरीक्षक भारती सिंह ने नेतृत्व किया। परेड में सिविल पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी बल एवं महिला पुलिस बल की कुल 23 टोलियों ने भाग लिया। साथ ही पुलिस मोटरसाइकिल दस्ता, डायल-112 पीआरवी वाहन, दंगा नियंत्रण वाहन, साइबर क्राइम टीम, स्वॉट एवं सर्विलांस टीम, महिला सशक्तिकरण टीम तथा फायर सर्विस के वाहनों ने भी आकर्षक प्रदर्शन किया।
परेड के दौरान हर्ष फायर, पीएसी बैंड की देशभक्ति धुनें और फायर सर्विस द्वारा पानी की बौछारों से बनाए गए तिरंगे ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। जब परेड टोलियां मंच के सामने से गुजरीं और मुख्य अतिथि को सलामी दी, तो पूरा परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनमानस को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाकर उसके उच्च आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने अपने संबोधन में वीर शहीदों को नमन करते हुए संविधान के मूल्यों और लोकतंत्र की मजबूती पर प्रकाश डाला।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जनपद के शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। सराहनीय सेवा के लिए क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय को गैलेंट्री अवार्ड (वीरता पदक) से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त पदक, सम्मान चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। तीनों परेड कमाण्डरों एवं टोली कमाण्डरों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 45वीं वाहिनी पीएसी बैंड, रंगोली बनाने वाले कर्मियों, वामा सारथी प्रभारी एवं मेडिकल टीम को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए तथा रैतिक परेड में भाग लेने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को 5 दिवस का पारितोषिक अवकाश देने की घोषणा की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पुलिस मॉडर्न स्कूल ने प्रथम, डी पॉल स्कूल ने द्वितीय तथा शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक संगल, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, गणमान्य नागरिकों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।
यह भव्य आयोजन अनुशासन, देशभक्ति और एकता का सशक्त संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
khabre junction
