हरियाणा सरकार पर जनता का नॉन-स्टॉप भरोसा, 11 सालों में मजबूत हुआ सड़क नेटवर्क — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा/नई दिल्ली, 19 दिसंबर (एम. पी. भार्गव)|मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार एक काम करने वाली सरकार है, जिस पर जनता लगातार भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पर लोगों का “नॉन-स्टॉप विश्वास” है और यही कारण है कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश के बुनियादी ढांचे, विशेषकर सड़क नेटवर्क, को अभूतपूर्व मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़क नेटवर्क के सशक्त होने से विपक्ष को परेशानी हो रही है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्षी सदस्य हर बार पोस्टर लेकर आना या अखबार दिखाना अपना काम समझते हैं, लेकिन इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार धरातल पर काम कर रही है और विकास के कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, जबकि बीते 11 वर्षों में हरियाणा का सड़क नेटवर्क काफी मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने झज्जर से छुछकवास तक बन रहे ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन विपक्ष के सदस्यों ने इसके लिए सरकार का धन्यवाद तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि कम से कम सड़कों के सुधार और विकास कार्यों के लिए विपक्ष को सरकार की सराहना करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं देना और प्रदेश के विकास को नई गति देना है, जिस पर जनता का भरोसा लगातार बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.