ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन पर ‘नो पार्किंग’ नियम से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, खाली मैदान होने के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा

ऐलनाबाद, 11 सितंबर (एम.पी. भार्गव)। ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन पर अब वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में ‘नो पार्किंग’ के बैनर लगा दिए हैं और यहां वाहन खड़ा करने पर रेलवे पुलिस चालान कर रही है।

जब इस बारे में रेलवे पुलिसकर्मियों से पूछा गया कि वाहन आखिर कहां खड़ा करें, तो उन्होंने जवाब दिया—“हमें नहीं पता, आप रेलवे स्टेशन मास्टर से पूछिए। अगर यहां वाहन खड़ा करेंगे तो चालान होगा।”

वहीं, टिकट घर के कर्मचारियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यात्रियों से कहा जा रहा है कि वे अपने वाहन सड़क पर खड़े करके पैदल स्टेशन आएं। हालांकि, कर्मचारी भी इस मुद्दे पर कोई लिखित आदेश या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और बीकानेर कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी।

गौरतलब है कि स्टेशन के आसपास और आगे की ओर काफी बड़ा खाली मैदान उपलब्ध है, जहां आसानी से वाहन खड़े किए जा सकते हैं और इससे किसी को कोई दिक्कत भी नहीं होगी। इसके बावजूद रेलवे प्रशासन पार्किंग की व्यवस्था को लेकर ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने मांग की है कि स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारी तत्काल निर्णय लेकर जनता की परेशानी दूर करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.