नए शहर इमाम रामपुर के मुसलमानों की बेहतर रहनुमाई करेंगे : नवेद मियां
शहर इमाम मौलाना नासिर खां को मुबारकबाद देने पहुंचे पूर्व मंत्री नवेद मियां मौलाना नासिर खां के शहर इमाम चुने जाने से मुसलमानों में खुशी का माहौल
रामपुर, 7 अगस्त 2025। रामपुर की जामा मस्जिद के इमाम हज़रत अल्लामा मौलाना नासिर खां साहब को शहर इमाम बनाए जाने पर मुस्लिम समाज में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज मंत्री नवाब काज़िम अली खां उर्फ नवेद मियां ने मौलाना नासिर खां के आवास पर पहुंचकर उन्हें मुबारकबाद दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व मंत्री नवेद मियां ने गुलपोशी कर सम्मानित करते हुए कहा कि मौलाना नासिर खां शहर के मुसलमानों की बेहतर रहनुमाई करेंगे और धार्मिक व सामाजिक मामलों में मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने पूर्व शहर इमाम मौलवी महबूब अली की सेवाओं को भी सराहा और कहा कि उनकी दीनी खिदमात नाक़ाबिले फरामोश हैं।
नवेद मियां ने खातिबे आज़म मौलाना शाह वज़ीहउद्दीन अहमद खां के खानदान की दीनी सेवाओं की भी खुलकर तारीफ़ की और मौलवी वजाहत उल्ला खां साहब मरहूम के बेटे मौलवी मुफ्ती माआरिफ उल्ला खां वजीही को नायब मुफ्ती-ए-शहर नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस मौके पर पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां, माजिद खां उर्फ राजा खां, फैज़ खां, आसिम एजाज़ और शावेज़ खां भी मौजूद रहे।
रामपुर में मौलाना नासिर खां के शहर इमाम बनने से धार्मिक नेतृत्व को नया बल मिला है, और मुस्लिम समाज में उत्साह व एकजुटता का संदेश भी गया है।
