ऐलनाबाद, फरवरी (एम.पी. भार्गव)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक इस वर्ष हरियाणा के समालखा में आयोजित की जाएगी। यह बैठक युगाब्द 5127, विक्रम संवत् 2082, चैत्र कृष्ण दशमी (द्वि-दिवसीय) एवं एकादशी के अवसर पर 13, 14 और 15 मार्च 2026 को संपन्न होगी। संघ की दृष्टि से अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा उसकी सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक मानी जाती है।
प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण बैठक इस बार ग्राम विकास एवं सेवा साधना केन्द्र, पट्टीकल्याणा, समालखा (हरियाणा) में होगी। चूंकि यह वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष है, इसलिए शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठी एवं सामाजिक सद्भाव बैठकों सहित विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों के अनुभवों एवं वृत्तांतों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
बैठक में वर्ष 2025-26 के संघ कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न प्रांतों में संपन्न विशेष गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर व्यापक चर्चा के साथ कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना है। संघ शाखाओं द्वारा अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन के कार्यों, विशेष रूप से ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त संघ शिक्षा वर्ग, कार्यकर्ता विकास वर्ग एवं अन्य प्रशिक्षण वर्गों की आगामी योजनाओं पर चर्चा कर अगले वर्ष की कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी।
बैठक में पूजनीय सरसंघचालक Mohan Bhagwat, माननीय सरकार्यवाह Dattatreya Hosabale सहित सभी सह-सरकार्यवाह, पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहेंगे। इस प्रतिनिधि सभा में मुख्य रूप से निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रांत एवं क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारी सहित कुल 1489 कार्यकर्ताओं के भाग लेने की अपेक्षा है। इसके अलावा संघ प्रेरित 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री एवं संगठन मंत्री भी बैठक में सम्मिलित होंगे।
khabre junction
