- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
पटना।बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि विधानसभा की विभिन्न समितियों के जिलों के भ्रमण के दौरान अथवा उससे पूर्व मीडिया को इसकी विधिवत सूचना दी जाएगी, ताकि आम जनता को समितियों की गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी मिल सके।
यह बात बिहार विधानसभा प्रेस सलाहकार समिति की बैठक के दौरान सामने आई। बैठक में नवबिहार टाइम्स के संपादक कमल किशोर ने इस मुद्दे की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि कई बार विधानसभा की समितियां जिलों का भ्रमण कर लौट जाती हैं, लेकिन इसकी कोई जानकारी मीडिया को नहीं दी जाती। इसके कारण मीडिया के माध्यम से आम लोगों को यह पता नहीं चल पाता कि विधानसभा की कौन-सी समिति जिले में आई और उसने जनहित में क्या कार्य किए।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि विधानसभा समितियों के जिलों में भ्रमण की सूचना जिला प्रशासन अथवा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के माध्यम से संबंधित जिले के पत्रकारों को दी जाए, तो इससे सकारात्मक और व्यापक कवरेज संभव हो सकेगा।
इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने तत्काल विधानसभा के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलों में भ्रमण पर जाने वाली सभी समितियों के कार्यक्रम की सूचना संबंधित जिला प्रशासन के माध्यम से मीडिया तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। इस निर्णय से विधानसभा की गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता तक सही जानकारी पहुंच सकेगी।
khabre junction
