तहसील दिवस में अवैध मांस विक्रय व अतिक्रमण का मुद्दा उठा

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार

सोनभद्र (दुद्धी)। विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री पीयूष कुमार अग्रहरी एडवोकेट ने शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर खुले आम हो रहे मांस विक्रय और अतिक्रमण की समस्या पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मलदेवा रोड स्थित राजघराना के पास, जाबर ग्राम के मुख्य मार्ग और महुली बाजार की मेन रोड पर बिना मानकों के खुलेआम मांस व मछली की बिक्री की जा रही है। आगामी पवित्र नवरात्रि पर्व को देखते हुए इन अवैध दुकानों को तत्काल बंद कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही नगर कस्बे में दोबारा पनप रहे अतिक्रमण की समस्या भी उठाई गई। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन अब पुनः सड़क किनारे कब्ज़ा शुरू हो गया है, जिससे आमजन और राहगीरों को कठिनाई हो रही है। दुद्धी नगर पंचायत के विभिन्न संपर्क मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी शिकायत दर्ज की गई। इस पर उपजिलाधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.