बदायूँ । जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अन्तर्गत वर्ष 2024-25 में पारम्परिक कारीगरों — जैसे बढ़ई, नाई, कुम्हार, सुनार, राजमिस्त्री एवं मोची ट्रेड में 10 दिवसीय प्रशिक्षण और टूलकिट वितरण हेतु जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है तथा जिन्होंने अथवा उनके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में इस योजना के अंतर्गत टूलकिट व मानदेय का लाभ नहीं लिया है, उनके साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार 10 दिसंबर 2025 को अपरान्ह 11:00 बजे से जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, आंवला रोड, सालारपुर, बदायूँ में सम्पन्न होंगे।
उपायुक्त ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन पत्र में अपलोड किए गए अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में प्रतिभाग सुनिश्चित करें।
