श्रृंगीऋषि धाम महोत्सव में प्रतिमा का भव्य लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री ने कहा—यह मेरा भी जन्म स्थान है

कार्यक्रम में विधायक रामानंद मंडल, डीएम मिथिलेश मिश्र आदि रहे मौजूद

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय जिले के बुधौली वनकर स्थित श्रृंगीऋषि धाम में आयोजित श्रृंगीऋषि धाम महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रसंत श्री मोरारी बापू द्वारा अनावृत श्री श्रृंगीऋषि की अप्रतिम प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ।

इस समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि “यह मेरा भी जन्म स्थान है। श्रृंगीऋषि धाम का विकास अब होना ही है। हम इस दिशा में लगातार प्रयासरत हैं।” उन्होंने धाम के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और इसे एक प्रमुख धार्मिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रृंगीऋषि धाम मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह डीएम मिथिलेश मिश्र ने आगत अतिथियों का स्वागत किया और श्रृंगीऋषि धाम के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह धाम न केवल जिले बल्कि पूरे बिहार की एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक धरोहर है, जिसके संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रह्लाद यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्या पिंकी कुशवाहा, नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जुली यादव तथा समाजसेवी सकलदेव बिंद ने भी अपने विचार रखे और आयोजन की सराहना की।

महोत्सव में आदिवासी समाज के हजारों लोग अपने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य-संगीत के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास से भर उठा। कार्यक्रम के दौरान राजीव रंजन, जागृति कुमारी, निर्भय भारद्वाज और पंकज भारती ने मनमोहक गायन प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। साथ ही सवेरा नाट्य संस्थान के कलाकारों ने नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, श्रृंगीऋषि प्रतिमा के आर्ट कंसल्टेंट श्री रविराज पटेल,क्यूरेटर अभिषेक कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.