जलभराव से खराब हुई फसलों के लिए तुरंत विशेष गिरदावरी करवा के किसानों को 50000 रूपए प्रति एकड़ का मुआवजा दे सरकार: चौ. अभय सिंह चौटाला
ऐलनाबाद, 4 अगस्त(एम पी भार्गव ) इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार किसानों की बुरी तरह से अनदेखी कर रही है। पिछले कई सालों से किसान हर साल बारिश से खेतों में जलभराव होने के कारण बर्बाद हो रही फसलों के नुकसान को झेल रहे हैं। बहुत सारी जगहों पर लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी भरने से भारी नुकसान हुआ है। इस बार भी प्रदेश के आठ जिलों में जलभराव के कारण लगभग 55 हजार एकड़ में खड़ी धान, नरमा, बाजरा, ग्वार और मूंगफली समेत सब्जी की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। प्रति जिला आंकड़ों पर नजर डालें तो यह संख्या यमुनानगर में लगभग 500 एकड़, झज्जर में लगभग 12000 एकड़, कुरुक्षेत्र में लगभग 800 एकड़, फतेहाबाद में लगभग 1800 एकड़, हिसार में लगभग 7000 एकड़, भिवानी में लगभग 12000 एकड़, रोहतक में लगभग 19000 एकड़ और सिरसा में लगभग 2000 एकड़ है जिसमें फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। किसानों का प्रति एकड़ खर्च की गणना की जाए तो जमीन का ठेका, खाद, बीज, दवाइयां, डीजल और अन्य खर्चे मिलाए जाएं तो यह 50 हजार रूपए से अधिक बनता है। भाजपा सरकार की किसानों के प्रति बेरुखी का इसी से पता चलता है कि प्रशासन ने अभी तक जलमग्न हो चुके खेतों से पानी की निकासी के कोई प्रबंध नहीं किए हैं। किसान बार बार खराब हो रही फसलों के कारण भारी कर्जे के नीचे दब चुका है। सरकार तुरंत विशेष गिरदावरी करवा के किसानों को 50000 रूपए प्रति एकड़ का मुआवजा दे ताकि किसान अपनी अगली फसल की तैयारी कर सके।
