लखीसराय में राष्ट्रीय गीत और गुब्बारे उड़ाकर शुरू हुई भारत सरकार जनगणना-2027,घर-घर पहुंचेगी टीम

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में भारत सरकार जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का शुभारंभ शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। जिला समाहरणालय परिसर के सामने आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान गाकर शुरुआत की। इसके बाद जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने गुब्बारे छोड़कर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया, जिसके साथ ही जिले में जनगणना कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है और इसके जरिए प्राप्त आंकड़े सरकार को योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और गणनाकारों से अपील की कि वे इस कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।बताया गया कि पहले चरण में जिले के सभी घरों का सूचीकरण किया जाएगा, जिसमें भवनों की स्थिति, उपयोग और अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसके लिए प्रशिक्षित गणनाकारों की नियुक्ति की गई है, जो घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सही और पूरी जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.