ऐलनाबाद, 9 दिसंबर (एम पी भार्गव) : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज गांव करीवाला के बस स्टैंड पर ग्रामीणों ने बिजली बिल 2025 एवं बीज बिल 2025 की प्रतियां जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हरियाणा किसान सभा (1936) के संरक्षक कामरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों की ये नीतियां कृषक समुदाय, मजदूर, दुकानदार और आम उपभोक्ताओं के लिए हानिकारक हैं। उनका कहना था कि सरकार की मंशा बिजली को कॉरपोरेट कंपनियों के हवाले करके स्मार्ट मीटरों द्वारा प्रीपेड बनाना है, जिससे आम लोगों को कठिनाई होगी और बिजली पर मिलने वाली सबसिडियां समाप्त कर दी जाएँगी।
स्वर्ण सिंह विर्क ने बीज बिल 2025 के प्रति भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बिल कृषि क्षेत्र में बीज बनाने वाले कॉरपोरेट्स का एकाधिकार कायम करेगा। इसके कारण किसानों को महंगे और हर वर्ष नए बीज खरीदने पर मजबूर होना पड़ेगा, जिससे कृषि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और उपजाऊ भूमि पर कॉरपोरेट्स का कब्जा बढ़ेगा।
इन दोनों जनविरोधी बिलों के विरोध में लोक पंचायत के महामंत्री सुखदेव सिंह कक्का, इनेलो पूर्व जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, जिला किसान सभा के उपाध्यक्ष बलराज सिंह बणी और हीरा सिंह दर्द ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया।
इस अवसर पर शीतल सिंह, कुलवंत सिंह संधू, गुरनाम सिंह, कुलदीप सिंह, संत जोगा सिंह, मास्टर लक्खा सिंह, सतनाम सिंह वरन, गुरमेज सिंह, डॉक्टर कश्मीर सिंह, हरप्रीत सिंह, शेर सिंह काहलो, लखविंदर सिंह, सुखदेव सिंह रंधावा, हरदीप सिंह, फुम्मन सिंह, सरदारा सिंह, दलीप सिंह, वरिंदर सिंह, लक्खा सिंह, जसपाल सिंह, दलीप सोलंकी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर सरकार से इन बिलों को वापस लेने की मांग की और भविष्य में कृषि एवं बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
