लोधेश्वर महादेवा मेले की तैयारियों को लेकर जोन व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग, डीएम-एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश

  • रिपोर्ट: कपिल सिंह

बाराबंकी: लोधेश्वर महादेवा मेले के सकुशल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर महादेवा ऑडिटोरियम में जोन एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा उनके काउंटरपार्ट पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नामित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में समय से उपस्थिति सुनिश्चित करें और सतत भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत, संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए तथा सेवा भाव से दायित्वों का निर्वहन किया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने अधीनस्थ सेक्टरों की नियमित निगरानी करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट्स पर पूर्ण सतर्कता के साथ तैनात रहने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल, एएसपी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.