जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में की प्रेस वार्ता, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी

रामपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र वितरित करने, जानकारी भरवाने तथा जमा कराने की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 1826 बीएलओ और 202 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो सभी कार्यवाहियों को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण कराएंगे।

 घर-घर जाकर दो प्रतियों में दिया जाएगा गणना प्रपत्र

बीएलओ प्रत्येक मतदाता को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। इन प्रपत्रों में मतदाता का नाम, फोटो, एपिक नंबर, भाग संख्या, क्रम संख्या एवं विधानसभा की प्रविष्टि पहले से भरी होगी। फोटो के साथ एक क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा।

मतदाता द्वारा प्रपत्र भरने के बाद बीएलओ कम से कम तीन बार घर जाकर फॉर्म संग्रह करने का प्रयास करेंगे। इस प्रक्रिया में केवल 2003 की मतदाता सूची को ही साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

हस्ताक्षर ही पर्याप्त, किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता के पास यदि कोई दस्तावेज उपलब्ध न हो, तब भी गणना प्रपत्र पर मतदाता के हस्ताक्षर किए जाने के बाद उसे अपलोड किया जाएगा।
बीएलओ एक प्रति अपने पास रखेगा और दूसरी प्रति पर हस्ताक्षर कर पावती के रूप में मतदाता को सौंपेगा।

मृत, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं का होगा चिन्हीकरण

बीएलओ इस प्रक्रिया के दौरान मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान भी करेंगे तथा सत्यापन के बाद संबंधित विवरण बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जाएगा।

 ऑनलाइन भी भर सकते हैं गणना प्रपत्र

मतदाता अपने बीएलओ की जानकारी और गणना प्रपत्र voters.eci.gov.in पर देख और भर सकते हैं।
इसके अलावा जिला स्तर पर हेल्प डेस्क, विधानसभा स्तरीय कार्यालय और टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 भी लगातार संचालित है, जहां मतदाता सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की नामावली भी ऑनलाइन देख सकते हैं और उसी आधार पर सही जानकारी भर सकते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.