रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार दिवेद्वी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजस्व ग्राम टांडा खास, तहसील टांडा की गाटा संख्या 388 रकबा 0.1940 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 404 रकबा 0.8830 हेक्टेयर में बिना सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को नगर पालिका परिषद टांडा एवं राजस्व टीम द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में विधिवत रूप से ध्वस्त कराया गया।
इसके अतिरिक्त राजस्व ग्राम खजुआ खेड़ा, तहसील टांडा की गाटा संख्या 290 रकबा 0.7980 हेक्टेयर में अवैध रूप से विकसित की गई प्लाटिंग के विरुद्ध भी राजस्व टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
जनपद में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनियोजित विकास पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा भूमि उपयोग संबंधी नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के भूमि का विभाजन, विक्रय अथवा प्लाटिंग करना पूर्णतः अवैध है। इस प्रकार की गतिविधियाँ शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं नियोजन मानकों का गंभीर उल्लंघन हैं।
अवैध प्लाटिंग से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं, सड़क, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सेवाओं की व्यवस्था में भी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद-फरोख्त से पूर्व संबंधित विभाग से आवश्यक स्वीकृति एवं अभिलेखों की जांच अवश्य कर लें।
