बड़हिया के वार्ड पार्षदों से मिले डिप्टी सीएम, अतिक्रमण व जल निकाय संरक्षण पर दिए सख्त निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम) उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के साथ नगर परिषद बड़हिया के सभी 26 वार्ड पार्षदों से मुलाकात कर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं, विकासात्मक जरूरतों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं सामने रखी गईं।

वार्ड पार्षदों ने विशेष रूप से अतिक्रमण और जल निकायों से जुड़ी समस्याओं को उठाया। पार्षदों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं जल निकायों पर अतिक्रमण से जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने और जल निकायों के संरक्षण के लिए नियमानुसार प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने भी पार्षदों को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस दिशा में त्वरित कदम उठाएगा और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री द्वारा नगर परिषद बड़हिया क्षेत्र में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। शीतलहर को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बड़हिया रवि कुमार, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.