यूपीआई से ठगी गई ₹13,200 की पूरी धनराशि साइबर सेल ने पीड़ित को लौटाई

रामपुर।यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित को साइबर सेल थाना सिविल लाइन रामपुर ने बड़ी राहत देते हुए शत-प्रतिशत धनराशि ₹13,200 वापस कराई है। इस त्वरित कार्रवाई से साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई है।

रामपुर के रामलाल कॉलोनी पनवड़िया, थाना सिविल लाइन निवासी संजय सैनी ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फिटनेस प्रोडक्ट्स बेचने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से ₹13,200 की धनराशि स्थानांतरित करा ली। शिकायत प्राप्त होते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक साइबर क्राइम उत्तर प्रदेश द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, पुलिस अधीक्षक रामपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर (नोडल अधिकारी साइबर अपराध) के कुशल पर्यवेक्षण में तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए साइबर सेल थाना सिविल लाइन ने प्रभावी कार्रवाई की। परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते से कटी गई पूरी धनराशि ₹13,200 उसके बैंक खाते में वापस करा दी गई।

पुलिस द्वारा आवेदक को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी जैसे खाता संख्या, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर आदि किसी के साथ साझा न करें। साथ ही, साइबर फ्रॉड या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील की गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित संजय सैनी एवं उनके परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। साइबर सेल की इस सराहनीय कार्रवाई से आम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

वापस कराई गई धनराशि: ₹13,200/-

 

khabre junction 

Leave A Reply

Your email address will not be published.