विवादों में घिरे गुरुद्वारे के मुख्य सेवादार का महिलाओं संग डांस करता अश्लील वीडियो वायरल, सिख समुदाय में आक्रोश
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीद एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह और भी ज्यादा विवादित है। गुरुद्वारे के नियंत्रण को लेकर पहले से चल रहे दो पक्षों के बीच के टकराव के बीच अब मुख्य सेवादार दलबारा सिंह का महिलाओं के साथ अश्लील डांस करता वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
गुरुद्वारा बिलासपुर थाना क्षेत्र में स्थित है और इसका संचालन लंबे समय से विवादों में रहा है। कुछ दिन पहले मुख्य सेवादार दलबारा सिंह ने एक पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख से फोन पर बातचीत का वीडियो वायरल किया था। मगर अब वही दलबारा सिंह एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दलबारा सिंह कथित तौर पर डांसर महिलाओं के साथ ठुमके लगाते हुए दिख रहे हैं। यही नहीं, एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग करते सुनाई दे रहे हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद सिख समुदाय में गहरा रोष फैल गया है। धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत इस तरह की हरकत को लेकर लोग मुख्य सेवादार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दलबारा सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी इस मामले को और अधिक विवादित बना रही है। वह पूर्व में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और बाद में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान के करीबी माने जाते रहे हैं। ऐसे में गुरुद्वारे का यह विवाद अब धार्मिक से अधिक राजनीतिक रंग लेने लगा है।
स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। समुदाय के लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
