Mirzapur: मेला घूमने गए युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला, दो साथियों पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर | थाना चुनार क्षेत्रान्तर्गत शिव शंकरी धाम मंदिर के पीछे रेलवे ट्रैक के किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर थाना चुनार पुलिस, पुलिस के उच्चाधिकारीगण, फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वॉड की टीम पहुँची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान राहुल सिंह पुत्र विजय सिंह, निवासी शिवाजीपुरम कैलहट, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। शव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत सामान्य नहीं है।
परिजनों का कहना है कि राहुल सोमवार रात अपने दो साथियों आशीष और मयंक के साथ मेला घूमने निकला था। लेकिन आज सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला और चौंकाने वाली बात यह है कि उसके साथियों ने घटना की कोई सूचना नहीं दी। इस परिजनों ने आशीष और मयंक पर हत्या की आशंका जताते हुए थाना चुनार में तहरीर दी है।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है। फिलहाल, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
