ग्राम भिक्कनपुर, दुहाई एवं शाहपुर निज मोरटा में 61 बीघा में विकसित अवैध कालोनियों पर प्राधिकरण का बुलडोजर चला

कालोनाइजर के साईट ऑफिस और सड़कों को किया गया ध्वस्त

गाज़ियाबाद, 24 अक्टूबर। उपाध्यक्ष महोदय के निर्देश पर अवैध निर्माण और अवैध कालोनियों के विरुद्ध प्राधिकरण की सख्त कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में आज प्रवर्तन जोन-02 की टीम ने ग्राम भिक्कनपुर, दुहाई एवं शाहपुर निज मोरटा क्षेत्र में चल रही अवैध कालोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 61 बीघा भूमि पर किए गए अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।

प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में—

ग्राम भिक्कनपुर मुरादनगर में श्री नरेन्द्र व श्री रविन्द्र (पुत्रगण स्व. श्री मंशाराम) के स्वामित्व वाले खसरा संख्या 407 और 408 पर लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में,

श्रीमती हेमलता (पत्नी श्री नरेन्द्र गर्ग), योगेश शर्मा और दिनेश शर्मा द्वारा ग्राम भिक्कनपुर दुहाई मुरादनगर के खसरा संख्या 475 पर लगभग 18,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में,

तथा श्री शिवांक शर्मा और जितेन्द्र दत्त शर्मा द्वारा ग्राम शाहपुर निज मोरटा (गाज़ियाबाद) के खसरा संख्या 629, 630, 631 और 632 पर लगभग 26,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में,

साथ ही श्री चेतन यादव द्वारा लगभग 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।

इन सभी स्थानों पर कालोनाइजरों द्वारा बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिसों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणकर्ताओं ने भारी विरोध भी दर्ज कराया, लेकिन पुलिस बल और प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते ने प्रभावी नियंत्रण रखते हुए पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की।

प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना अनुमति लिए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।

इस अभियान में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का पूरा स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।

प्राधिकरण ने बताया कि आगामी माह में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्यवाही जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.