- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। थाना अदलहाट क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती को भगाने के मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 अगस्त 2025 को थाना अदलहाट पर वादी द्वारा एक लिखित तहरीर दी गई थी, जिसमें अभियुक्त पर वादी की पुत्री को शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप लगाया गया। इस तहरीर के आधार पर थाना अदलहाट पर मु0अ0सं0-276/2025 धारा 87, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस व 3(2)(वी), 3(1)(द), 3(1)(ध) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर सोमेन बर्मा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अदलहाट को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। निर्देशानुसार, उप निरीक्षक हंसलाल राम पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुकदमे से संबंधित अभियुक्त सतीश कुमार पुत्र स्व. सिद्धनाथ निवासी लोहराजपुर, थाना जमालपुर, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
