प्राचीन श्री श्याम मंदिर में 52वां फाल्गुन वार्षिक महोत्सव संपन्न, श्रद्धालुओं ने लिया बाबा श्याम का आशीर्वाद
ऐलनाबाद, 14 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव)। स्थानीय प्राचीन श्री श्याम मंदिर में आयोजित श्री श्याम बाबा खाटू वाले का 52वां विशाल फाल्गुन वार्षिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ विधिवत संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भंडारे के दौरान आयोजन समिति एवं स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गईं। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों का आवागमन बना रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव के अंतर्गत पूर्व रात्रि विशाल जागरण का आयोजन किया गया। इसमें जयपुर से पधारी भजन गायिका तृप्ति लढा, वृंदावन से आई पूर्णिमा दीदी तथा लुधियाना से पहुंचे विशाल शैली ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “श्याम तेरी चौखट पे आकर सुकून मिल गया”, “श्याम नाम की मस्ती छाई रे” और “दर तेरे आके बाबा सब दुख भूल गए” जैसे भजनों से पूरी रात मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा, उपप्रधान पवन कुमार कानसरिया तथा श्री श्याम कला मंडल के प्रधान मांगीलाल गिदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा ने बताया कि यह महोत्सव पिछले 52 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
उपप्रधान पवन कुमार कानसरिया ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है। वहीं श्री श्याम कला मंडल के प्रधान मांगीलाल गिदड़ा ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार भव्य आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आगे भी बाबा श्याम की सेवा एवं धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें। विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का विधिवत समापन किया गया।
khabre junction
