रामपुर। थाना भोट पुलिस ने मंगलवार देर शाम हुई मुठभेड़ में दो शातिर गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त घायल अवस्था में पकड़े गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट), पशु काटने के उपकरण और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामला ग्राम मोहनपुर का है, जहां 2 सितम्बर को एक नवजात गौवंशीय पशु को काटने की सूचना पर थाना भोट में मुकदमा दर्ज हुआ। विवेचना के दौरान तीन अभियुक्तों – भूरा पुत्र शहदा, मोबीन पुत्र नब्बू और अख्तर हुसैन के नाम सामने आए। पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर जब दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। पूछताछ में उनकी पहचान भूरा और मोबीन के रूप में हुई।
दोनों अभियुक्तों पर पहले से ही कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें गौकशी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और लूट से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ गौकशी निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत नए मुकदमे दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी भोट, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, उपनिरीक्षक कार्तिक सहरावत, हे.का. रिंकू कुमार, हे.का. मुमतरीन अहमद और कां. धर्मेन्द्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि ये अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर छुट्टा गौवंशीय पशुओं को काटकर उनकी तस्करी करते थे।
