टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का हल्ला बोल, सांसद को सौंपा ज्ञापन

रामपुर। जनपद के सैकड़ों शिक्षकों ने आज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के तोपखाना स्थित कैंप कार्यालय पर पहुँचकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन 29 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता थोपे जाने के विरोध में दिया गया।

शिक्षकों का तर्क

संघ ने ज्ञापन में स्पष्ट कहा कि निशुल्क शिक्षा एवं बाल अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 23 उप धारा 2 के तहत यह स्पष्ट है कि 29 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की शर्त लागू नहीं होती। जबकि 29 जुलाई 2011 के बाद नियुक्त सभी शिक्षक अनिवार्य रूप से टीईटी के माध्यम से ही भर्ती हुए हैं।

शिक्षक नेताओं ने कहा कि समय-समय पर जिस स्तर पर भर्तियां निकलीं, सरकार द्वारा जो भी शैक्षिक अहर्ताएं रखी गईं, उन्हें पूरा करते हुए ही शिक्षकों ने नियुक्तियां प्राप्त की हैं। हाल ही में आए माननीय सुप्रीम कोर्ट के फैसले की गलत व्याख्या और उससे फैली भ्रांतियों के चलते शिक्षक समाज में गहरी बेचैनी और आक्रोश है।

उन्होंने बताया कि इस निर्णय से कई शिक्षक अवसादग्रस्त हो रहे हैं और कई की असमय मृत्यु भी हो चुकी है। इस फैसले की आड़ में पूर्व नियुक्त शिक्षकों को परेशान करना न केवल न्याय के विरुद्ध है बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी अस्थिर करेगा।

शिक्षकों की मांग

संघ ने मांग रखी कि सरकार स्पष्ट आदेश जारी कर 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करे, ताकि शिक्षकों में व्याप्त असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।

सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का आश्वासन

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा—

“मैं हमेशा शिक्षकों के साथ खड़ा हूँ। हम लगातार इस मुद्दे को विभिन्न माध्यमों से उठा रहे हैं और आने वाले संसद सत्र में भी इसे प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखूँगा। शिक्षक समाज देश की रीढ़ है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

सांसद ने भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्षरत रहेंगे।

मौके पर उपस्थित लोग

इस दौरान प्रेम सिंह चौहान (जिला अध्यक्ष), चरन सिंह (जिला मंत्री), डॉ. सरफराज अहमद, नरेंद्र सैनी, विपिन कुमार, सौरभ शर्मा, प्रसन्न प्रकाश, सलोनी लोचन, किरण शर्मा, तरुण पांडे, महेंद्र कुमार, राकेश कुमार गंगवार, हमेंद्र देव, प्रताप सिंह गंगवार, परवेज अहमद, राम किशोर, नदीम अहमद, सलीम, डॉ. एहसान खां, नरेश कुमार, अफरोज मियां, अशोक रावत, लक्ष्मण सिंह, जबर सिंह, सरदार राजेंद्र सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.