मोदीनगर में बुलडोजर कार्यवाही के खिलाफ सांकेतिक धरना, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

मोदीनगर। नगर पालिका मोदीनगर द्वारा ग्राम विशोखर की लंकापुरी कॉलोनी में की गई बुलडोजर कार्यवाही के विरोध में संयुक्त जन अधिकार मोर्चा के संयोजक देववृत धामा के नेतृत्व में आज मोदीनगर तहसील में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया। इस धरने में सैकड़ों ग्रामीण तहसील के गेट पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे। प्रदर्शनकारी 4 बजे तक सांकेतिक रूप से धरनारत रहे।

धरने के दौरान देववृत धामा ने किसानों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

विशोखर से सभासद नरेंद्र तोमर ने भी प्रदर्शनकारियों को समर्थन देते हुए कहा कि यह संघर्ष जनता की जीत तक जारी रहेगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।

गौरतलब है कि नगर पालिका की इस कार्यवाही में 42 फसलें बर्बाद कर दी गई हैं, जिनमें से 22 विधवाओं की थीं। इन महिलाओं के पास जीवन-यापन का कोई अन्य साधन नहीं है।

धरने में प्रमुख रूप से भगवती, शीला, मुन्नी, राजू, सुधीर, रिछपाल, हरिश्चंद्र, बबलू, विकास, बिजेंद्र, अंकित, विवेक, राकेश कुमार, सूरज, अमन, जयकरण, हरबीर, प्रशांत, ऋषिपाल, अनीस, और राकेश सहित अन्य पीड़ित उपस्थित रहे।

धरने का आयोजन प्रशासन के खिलाफ किसानों और पीड़ित परिवारों की आवाज बुलंद करने के लिए किया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.