- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर जनपद के स्वार थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामा पर अपने ही चचेरे भांजे की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह सनसनीखेज वारदात स्वार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खौद कला की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मामा ने अपने ही चचेरे भांजे अकील का लोहे के दरांत (हंसिया) से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी और आरोपी मामा के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिसको लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी रंजिश और शक के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्वार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नसीम को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम खौद कला में एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के दौरान पता चला कि मृतक के मामा ने ही इस घटना को अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। हत्या के पीछे की सटीक वजह अभी जांच का विषय है और विवेचना के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
khabre junction
