23 से 29 नवंबर तक फिजिकल मैदान पर होगी सुषमा स्वराज ऑल इंडिया महिला हॉकी प्रतियोगिता

रामपुर।महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वर्गीय सुषमा स्वराज ऑल इंडिया महिला हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन इस वर्ष 23 से 29 नवंबर तक महात्मा गांधी हॉकी स्टेडियम, रामपुर में किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी प्रतियोगिता की आयोजिका, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं भाजपा महिला मोर्चा रामपुर की जिला उपाध्यक्ष मारिया फरहत ने दी।
उन्होंने बताया कि इस सेवन-ए-साइड प्रतियोगिता में देशभर की 12 प्रमुख महिला हॉकी टीमों को आमंत्रित किया गया है, जो अपने निमंत्रण को स्वीकार कर चुकी हैं। रामपुर के इतिहास में पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी भी प्रतिभाग करती नजर आएंगी।
मारिया फरहत ने कहा कि यह आयोजन भारतीय महिला हॉकी टीम के एशियन कप जीतने की उपलब्धि को समर्पित है और इसका मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ाना, उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खेल वातावरण से जोड़ना तथा रामपुर की बालिकाओं में हॉकी के प्रति जागरूकता और रुचि पैदा करना है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन, महिला कल्याण विभाग, महिला आयोग और जिला क्रीड़ा अधिकारी को सोमवार को अवगत कराया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।
आयोजन सभा में शामिल खिलाड़ी:
रोशनी राजपूत, नविता, कशिश चौहान, मशीयत फातिमा, आंचल राजपूत, मुस्कान सागर सहित कई युवा महिला हॉकी खिलाड़ियों ने बैठक में भाग लिया।
ये सभी बालिका खिलाड़ी सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रतियोगिता से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा करेंगी।
रामपुर में होने जा रही यह महिला हॉकी प्रतियोगिता न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.