Rampur Police: पुलिस अधीक्षक ने रामलीला सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण, दशहरा-दीपावली को लेकर दिए कड़े निर्देश

रामपुर, 29 सितम्बर 2025। पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्या सागर मिश्रा ने थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत उत्सव मंडप रामलीला ग्राउंड में आयोजित रामलीला की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन निकासी मार्ग, भीड़ नियंत्रण और अन्य सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। आयोजकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और पुलिस को सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्वार का आकस्मिक निरीक्षण किया

रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्वार का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर और फ्लाई शीट आदि की जांच कर उनके रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया और सुधार हेतु निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया गया।
गोष्ठी में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को दशहरा एवं दीपावली के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा (मिशन शक्ति अभियान-5) और व्यापारी वर्ग की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सिविल लाइन क्षेत्र में पैदल गश्त

पुलिस अधीक्षक ने दशहरा और दीपावली पर्व के मद्देनज़र थाना सिविल लाइन क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान व्यापारी वर्ग और दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी उपाय जैसे—सीसीटीवी कैमरों का प्रयोग, नकदी सुरक्षा और दुकान बंद करते समय ताले-चाबी की सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

अज्ञात युवती को परिजनों से मिलवाया गया

थाना स्वार पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सराहनीय कार्य किया। पीआरवी पर ड्यूटी कर रहे कर्मियों को एक अज्ञात युवती मिली, जो अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी। युवती को थाना लाकर उसकी पहचान हेतु फोटो व दूरभाषा के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। अंततः युवती की पहचान थाना बाजपुर, जिला उधमसिंहनगर (उत्तराखंड) निवासी के रूप में हुई। युवती को उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
परिजनों ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने रामपुर पुलिस का आभार जताया।

व्यापारियों के साथ गोष्ठी

रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के व्यापारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें व्यापारियों की समस्याएँ और सुझाव सुने गए। उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर व्यापारियों ने नव नियुक्त अपर पुलिस अधीक्षक को सम्मानित भी किया।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.