राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में स्त्री एवं प्रसूति विभाग द्वारा सफल ऑपरेशन
दूरबीन विधि से किया गया जटिल बच्चेदानी का ऑपरेशन
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के स्त्री एवं प्रसूति विभाग में एक 55 वर्षीय महिला का जटिल बच्चेदानी (यूटेरस) ऑपरेशन दूरबीन विधि (लेप्रोस्कोपिक सर्जरी) से सफलतापूर्वक किया गया। मरीज लंबे समय से बच्चेदानी संबंधी गंभीर समस्याओं से परेशान थी और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंची थी।
जांच के दौरान बच्चेदानी के टुकड़ों में कई जटिलताएं पाई गईं, जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दूरबीन तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। यह प्रक्रिया अत्यंत सूक्ष्म और तकनीकी दृष्टि से चुनौतीपूर्ण थी, जिसे विशेषज्ञ टीम ने कुशलता से संपन्न किया।
ऑपरेशन विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा सरन (स्त्री एवं प्रसूति विभाग), डॉ. सुनील कुमार (विभागाध्यक्ष, सर्जरी विभाग), डॉ. जया भारती (सहायक आचार्य) तथा उनकी चिकित्सा टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। टीम ने आधुनिक तकनीक और अनुभव के समन्वय से ऑपरेशन को सफल बनाया। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में किया गया यह सफल ऑपरेशन चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह न केवल चिकित्सकों की विशेषज्ञता का परिचायक है, बल्कि मेडिकल कॉलेज की तकनीकी क्षमता और संसाधनों की उन्नति का भी प्रमाण है।
