हरियाणा में यूट्यूब चैनलों पर लगेगी सख्त पाबंदी
पाकिस्तानी लिंक वाले चैनलों पर नजर, सीएम सैनी ने दिए एसओपी तैयार करने के निर्देश
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
चंडीगढ़, 21 मई: हरियाणा में लगातार सामने आ रहे पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क के मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार अब यूट्यूब चैनलों पर सख्ती बरतने जा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में गृह विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ लॉ एंड ऑर्डर को लेकर समीक्षा बैठक की।
सीएम सैनी ने दिए यूट्यूबरों पर नियंत्रण के निर्देश
बैठक के दौरान सीएम सैनी ने यूट्यूबरों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स खासतौर पर यूट्यूब का दुरुपयोग रोकने के लिए नीति बनाना जरूरी है, जिससे देश विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
पाक समर्थित यूट्यूब चैनलों की हो रही निगरानी
सीएम ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा केस का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पाकिस्तान समर्थित या उससे लिंक्ड यूट्यूब चैनलों का डेटा खंगाला जा रहा है और उन पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
मुख्य सचिव और गृह सचिव भी रहे मौजूद
इस अहम बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा भी उपस्थित रहीं। बैठक में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था, जिलों में एसपी और डीसी के तालमेल, और सोशल मीडिया निगरानी तंत्र पर भी चर्चा की गई।
गृह सचिव ने दी जानकारी, कार्रवाई जारी रहेगी
बैठक के बाद गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि पाकिस्तान समर्थित ऑपरेटिव के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एसपी और डीसी को कानून व्यवस्था के लिए समान रूप से जिम्मेदार बनाया गया है।
सोशल मीडिया पर बनी है विशेष निगरानी सेल
गृह सचिव ने यह भी बताया कि प्रदेश में चल रहे संदिग्ध यूट्यूब चैनलों की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए स्पेशल मॉनिटरिंग सेल पहले से ही सक्रिय हैं, जो किसी भी देश विरोधी गतिविधि या संदेहास्पद सामग्री को ट्रैक कर रहे हैं।
हरियाणा सरकार की इस पहल को सुरक्षा के नजरिए से बड़ा कदम माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य साइबर माध्यमों का दुरुपयोग रोकना और राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
