बिलासपुर में पेट्रोल पंप पर बवाल, कर्मी ने ग्राहक पर तानी राइफल, वीडियो वायरल

बिलासपुर (रामपुर)। Bilaspur तहसील क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान पेट्रोल पंप के एक कर्मी ने ग्राहक पर सरेआम राइफल तान दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बॉबी कोहली अपने तीन साथियों के साथ रुद्रपुर से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे नेशनल हाईवे पर एपेक्स कॉलेज के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर कार में सीएनजी भरवाने के लिए रुके। इस दौरान किसी बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मियों और ग्राहकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और एक कर्मी ने बंदूक निकालकर ग्राहक पर तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि पीड़ित बॉबी कोहली की तहरीर के आधार पर पेट्रोल पंप के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है तथा पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.