रामपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, मासूम बच्ची पर झुंड ने किया हमला; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
रामपुर। जनपद रामपुर की स्वार तहसील के भोट का मझरा गांव से आवारा कुत्तों के आतंक का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। आए दिन कुत्तों के झुंड लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे पहले भी कुत्तों के हमले में एक बच्चे की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए और क्षेत्र के लोगों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
