रामपुर में घर में लूट की कहानी निकली झूठी, फॉरेक्स ट्रेडिंग में नुकसान छिपाने के लिए महिला ने रची साजिश
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर। रामपुर के थाना गंज क्षेत्र में घर में लूट की कथित घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पूरे मामले से पर्दा उठा दिया। जांच में सामने आया कि कथित लूट की वारदात पूरी तरह से मनगढ़ंत थी, जिसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में हुए भारी आर्थिक नुकसान को छिपाने के लिए रचा गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कराई। थाना गंज पुलिस ने साक्ष्यों, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता सैय्यद आमिर मियां की पत्नी ने अपने परिजनों को बिना बताए फॉरेक्स ट्रेडिंग में बड़ी धनराशि निवेश कर दी थी। ट्रेडिंग में भारी नुकसान होने के बाद उन्होंने परिवार से सच्चाई छिपाने के उद्देश्य से घर में लूट की झूठी कहानी गढ़ दी और पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया।

जांच के दौरान पुलिस को कथित लूट की घटना से जुड़े तथ्यों में कई विरोधाभास मिले। गहन पड़ताल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हो गया कि घर में किसी प्रकार की लूट नहीं हुई थी, बल्कि पूरी घटना स्वयं महिला द्वारा रची गई थी।
रामपुर पुलिस की त्वरित और निष्पक्ष जांच के चलते महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा हो गया। इस कार्रवाई के बाद शहर में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
