अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सिरसा में राज्य स्तरीय समारोह 8 मार्च को, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि

ऐलनाबाद, मार्च (एमपी भार्गव):जिला सिरसा में आगामी 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक प्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं भाग लेंगी। कार्यक्रम के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी और सैंड आर्ट शो के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की झलक दिखाई देगी। वहीं 150 से अधिक विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डॉ. दर्शना सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

इसके साथ ही कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र सैंड आर्ट शो रहेगा, जिसमें कलाकार रेत पर कलाकृतियों के माध्यम से महिला शक्ति, सम्मान और समाज में उनकी भूमिका को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करेंगे। इस कला प्रदर्शन के जरिए महिला सशक्तिकरण का संदेश लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।

समारोह के दौरान समाज, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, प्रशासन, सामाजिक सेवा और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 150 से अधिक महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय समारोह महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। समारोह में महिलाओं की व्यापक स्तर पर भागीदारी रहेगी।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.