लखीसराय। 08 अप्रैल 2026 को 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देश पर ‘डी’ कंपनी एसएसबी कजरा द्वारा डि-माइनिंग ऑपरेशन (DE-MINING OPS) चलाया गया। यह अभियान प्रखंड सूर्यगढ़ा के अंतर्गत हददिया, दुद्धम एवं मनियारा गांव (बढ़िया बाबा, टोला चोरमारा पहाड़ के आसपास) के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में संचालित किया गया।
अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट (ऑप्स) गोविंद कुमार ने किया। ऑपरेशन टीम पीरी बाजार थाना के प्रतिनिधि के साथ COB कजरा से करीब 12:05 बजे रवाना हुई। खुफिया सूचना और निशानदेही के आधार पर SSB के विस्फोटक खोजी श्वान, डीप सर्च मेटल डिटेक्टर और ड्रोन की सहायता से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
करीब चार घंटे की गहन खोजबीन के बाद शाम 4:10 बजे हददिया गांव से दूर पहाड़ी जंगल क्षेत्र में बड़े पत्थरों के बीच दबे हुए हथियार और कारतूस बरामद किए गए। बरामद सामग्री में एक सिंगल मज़ल लोडेड देसी मस्कट गन, एक सिलिंग, 8 एमएम के 6 जिंदा कारतूस, 7.62 एमएम का एक खाली खोखा तथा .380 एमएम के 2 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
इस ऑपरेशन में निरीक्षक प्रदीप बर्मन (कंपनी कमांडर, ‘डी’ समवाय) सहित SSB के अन्य जवानों ने हिस्सा लिया। वहीं पीरी बाजार थाना के सहायक अवर निरीक्षक कुमार लड्डू भी अभियान में शामिल रहे।
SSB द्वारा चलाए गए इस अभियान को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
by Snigdha Srivastava
